
छह साल की बच्ची से नाबालिग पर रेप का आरोप, आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट दर्ज
कुशीनगर. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में नाबालिग आरोपी पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अहिरौली बाजार क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय लड़के ने गांव की ही छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस बात की जानकारी होने पर सकते में आए परिजनों ने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अबोध लड़की शाम को अपने खेत में गई थी। वहांं पहले से ही गांव का एक लड़का मौजूद था। उसने बच्ची को अकेली पाकर जबरन दुष्कर्म किया। रोते चिल्लाते हुए कुछ देर बाद बच्ची अपने घर पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा अस्पताल
परिजनों ने बच्ची के साथ हुई इस घटना की जानकारी स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष अनिल कुमार को दी। पुलिस गांव में पहुंची और बच्ची को महिला कांस्टेबल के साथ थाने लाई। इसी बीच थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने घटना की जानकारी कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक ए पी सिंह व क्षेत्राधिकारी कसया पीयूष कांत राय को दी। घटना की सूचना पर दोनों अधिकारी स्थानीय थाने पहुंचे और आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। दूसरी ओर पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया। दुष्कर्म के आरोपित को ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
पीड़ित बच्ची के दादा ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के अनुसार मुकदमा पंजीकृत किया गया है और बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए महिला कांस्टेबल के साथ भेजा गया है।
Published on:
20 Feb 2021 11:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
