
गुटखा व्यवसाई के घर पर फेंका गया बम दो घंटे बाद हुआ निष्क्रिय, भेजा गया आगरा प्रयोगशाला
लखीमपुर खीरी. सदर कोतवाली इलाके में गुटखा ब्वयावसाई डब्लू चौरसिया के घर सोमवार शाम फेंके गए बम की जांच के लिए देर रात यहां लखनऊ से बम स्क्वॉड पहुंचा। टीम के लोगों ने करीब दो घंटे तक गहनता से जांच की और फिर बम के अवशेषों को अपने साथ ले गए। इन अवशेषों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा गया है।
घर के बाहर डिब्बा फेंककर गए थे कुछ लोग
सदर कोतवाली इलाके में शहर के मुहल्ला हर्षी बंगला निवासी गुटखा व्यापारी डब्लू चौरसिया के घर के सामने सोमवार शाम करीब छह बजे बाइक सवार दो युवक हेलमेट लगाए हुए आए और घर के हाते में दफ्ती का जूते का डिब्बा फेंककर चले गए थे। इस डिब्बे में टाइम बम जैसा उपकरण था। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन दल ने उस बम जैसे उपकरण को पानी की बाल्टी में डालकर निष्क्रिय करने का प्रयास किया और फिर उसे शहर के बाहरी इलाके में उल्ल नदी के पानी में रखकर लखनऊ से बम स्क्वॉड को जांच के लिए बुलाया।
दो घंटे के बाद बम हुआ निष्क्रिय
देर रात करीब 12 बजे लखनऊ से बम निरोधक दस्ता यहां पहुंचा, जिसने उल्ल नदी के पानी से उक्त बम को निकालकर जांच पड़ताल की। इस दौरान उसमें छह फाइबर पाइप, जिनमें कोई विस्फोटक भरा था, कई तार, एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व एलईडी लाइटें लगी मिलीं। पानी में डाले जाने के बाद भी उसमें की लाइटें जल रहीं थीं। बम निरोधक दस्ते ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उक्त बम को निष्क्रिय किया और उसके सारे पार्ट्स अलग किए। मामले में एसपी राम लाल वर्मा ने बताया कि जो बम जैसा उपकरण मिला था, उसकी जांच बम स्क्वॉड ने की और उसके अवशेष अपने साथ ले गई। जिन्हें जांच के लिए आगरा स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच के बाद असल बात पता चल पाएगी। एसपी ने बताया कि मामले का मुकदमा सदर कोतवाली में दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है। जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।
Published on:
13 Jun 2018 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allलखीमपुर खेरी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
