गोमतीनगर थाने में एक स्कार्पियों विवाद में थाने लाई गयी। पुलिस ने इस गाड़ी मालिक को विवाद सुलझने के बाद एसयूवी को ले जाने की बात कहकर घर भेज दिया। इस बीच किसी मामले के सिलसिले में कुछ सिपाही और दरोगा गाड़ी लेकर लखीमपुर निकल गए। दूसरे दिन पीडि़त अपनी गाड़ी लेने थाने पहुंचा। वहां गाड़ी नहीं दिखी तो मोबाईल के जरिए कार का लॉक सिस्टम ऑन कर दिया। उधर, एसयूवी से फर्राटा भर रहे पुलिसवालों की कार के ऑटो लॉक होते ही हवाईयां उड़ गईं। सारे जतन करने के बाद भी जब कार ऑन नहीं हुई तब पुलिस अधिकारियों को कार मालिक को फोन करना पड़ गया। वाहन स्वामी भी हैरान था कि उसकी कार को पुलिस अपने काम के लिए इस्तेमाल कर रही है। हालांकि, पुलिस के आग्रह पर मालिक ने कार का लॉक खोल दिया जिससे कार को वापस लखनऊ लाया जा सका। लेकिन, तब तक यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी और साथ ही पुलिस की कारस्तानी भी। इसके चलते एक इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर होने की सजा भी भुगतनी पड़ी।