
कपड़ा व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने लूटे पचास हजार, सूचना के बाद भी नहीं आई 100 नंबर पुलिस
लखीमपुर खीरी. सिंगाही थाना क्षेत्र के बेलरायां-तिकुनियां मार्ग पर दिन-दहाड़े पलिया के व्यापारी से दो मोटर साइकिल सवार हथियार बंद बदमाशों नेे एक मोबाइल और 50 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
लूट के बाद मचा हड़कंप
सिंगाही थाना क्षेत्र के बेलरायां-तिकुनिया क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने सुना कि शाम को चार बजे बेलरायां-तिकुनिया मार्ग पर पलिया के कपड़ा व्यापारी अमन गर्ग से दिनदहाड़े हथियार बंद बदमाशों ने एक मोबाइल सहित 50 हजार की लूट कर ली है। अमन गर्ग ने बताया कि वो सिंगाही, बेलरायां, तिकुनियां व निघासन के दुकानदारों को थोक में कपड़ा बेंचते हैं और हफ्ते में एक दिन वसूली के लिए आते हैं। मंगलवार को वह वसूली के लिए निकले थे। उन्होंने निघासन, सिंगाही, बेलरायां के व्यापारियों से वसूली की और वापस तिकुनियां लौट रहे थे।
ऐसे हुई वारदात
इसी बीच निबौरिया चौराहे के आगे रपटा पुल के पास पीछे से मोटर साइकिल प्लेटिना व स्प्लेंडर पर चार लोग आए और हमारी मोटर साइकिल के आगे अपनी बाइक लगा दी। इसमें दो लोग मुंह बांधे हुए बाइक से उतर कर मेरी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। एक बदमाश ने मोबाइल और बैग छीन लिया। मोटर साइकिल लाक कर चाभी अपने साथ लेकर चारों बदमाश बाइकों से निबौरिया गांव की तरफ भाग गए। अमन गर्ग ने शंका व्यक्त करते हुए बताया कि बदमाश उनके पीछे सिंगाही से लगे थे। व्यापारी ने बताया कि वह घटना के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए 100 नंबर डायल करते रहे लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। सूचना पर पहुंचे सिंगाही पुलिस स्टाफ के साथ एसआई वीरपाल सिंह, शंखधर भट तथा कोतवाली तिकुनियां प्रभारी अजय कुमार सिंह ने घटना के जल्द खुलासे की बात कही।
Published on:
27 Jun 2018, 10:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.