
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट Twitter पर दर्जनों अकाउंट्स को सस्पेंड कर दिया गया। आपको जानकर हैरान होगी कि सिर्फ एक शब्द ट्वीट करने की वजह से कुछ लोगों के ट्विटर अकाउंट सस्पेंड हो गए या सीमित कर दिए गए। बताया जा रहा है कि ऐसा एक बग के कारण हो रहा था। इसमें 'MEMPHIS' शब्द को ट्वीट करने वाले लोगों के आकउंट सस्पेंड हो रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, जिन लोगों ने 'MEMPHIS' शब्द ट्वीट किया, उनको ट्विटर की तरफ से उनके अकॉउंट को सस्पेंड करने या सीमित करने का मैसेज मिला।
मिला यह मैसेज
रिपोर्ट के अनुसार 'MEMPHIS' शब्द ट्वीट करने वाले यूजर्स को ट्विटर की तरफ से एक मैसेज मिला। इसमें लिखा था कि उनके अकॉउंट को 12 घंटे के लिए ट्विटर ने बैन कर दिया गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस मैसेज में यह भी लिखा था कि आप किसी की अनुमति के बिना अन्य लोगों की निजी जानकारी प्रकाशित या पोस्ट नहीं कर सकते हैं।
इस वजह से हुआ ऐसा
कई लोगों ने इस बारे में ट्विटर को शिकायत भी की। लोगों की शिकायतों के बाद माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ने इस पर सफाई देते हुए बताया कि ऐसा एक बग के कारण हो रहा था और अब इसे ठीक कर लिया गया है। साथ ही कंपनी ने बताया कि बग के कारण 'MEMPHIS' शब्द लिखने वाले कई अकाउंट्स को अस्थायी रूप से सीमित कर दिया गया था। साथ ही ट्विटर ने यह भी बताया कि अब इस बग को फिक्स कर दिया गया है और यूजर्स के अकाउंट्स को दोबारा चालू कर दिया गया है।
यहां से हुई थी शुरुआत
कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस मामले की शुरुआत एक फुटबॉल खिलाड़ी के बारे में ट्वीट करने से हुई थी। जिन यूजर्स ने डच फुटबॉल खिलाड़ी मेम्फिस डेपे के बारे में ट्वीट किया था, उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं फ्रांसीसी फुटबॉल क्लब ओलंपिक लियोनिस ने एथलीट की एक फोटो पोस्ट करते हुए ट्विटर से पूछा था कि क्या हम अब इसके बारे में बात कर सकते हैं?। हालांकि ट्विटर ने अब यह मुद्दा सुलझाते हुए बग को फिक्स कर लिया है।
Published on:
16 Mar 2021 12:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
