
Akhilesh Yadav
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज बजट व प्रदेश में चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही यूपी बजट को केंद्रीए बजट की तरह निराशाजनक बजट बताया है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया ट्विटर पर कहा कि यूपी का नया बजट नाउम्मीदगी से भरा है। न बेहाल किसानों के लिए कोई ठोस कदम, न बेरोजगार युवाओं के लिए कोई कारगर योजना। उद्योग-व्यापार के लोगों के हाथ भी बस निराशा हाथ लगी है। शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे ज़रुरी विषय भी उपेक्षित हुए हैं। कुल मिलाकर केंद्रीय बजट की तरह निराशाजनक है ये बजट।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा, "वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट’ स्कीम में केवल एक ही परंपरागत उद्योग के लिए 3 करोड़ का प्रावधान अतार्किक है। हमारे यहाँ ऐसी बहुत सी जगह हैं, जहाँ एक से ज़्यादा परंपरागत उद्योग हैं, तो क्या अन्य दस्तकारों-हस्तकारों को प्रोत्साहन नहीं मिलेगा, ये तो उन सबके लिए हतोत्साही साबित होगा।" आपको बता दें कि वन डिस्ट्र्क्ट वन प्रॉडक्ट योजना के लिए यूपी बजट में 250 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
योगी सरकार से सवाल करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी सरकार का ये कैसा विडम्बनाकारी बजट आया है। बेरोजगारी से मरते युवाओं के जीवन के लिए स्वरोज़गार के नाम पर केवल कुछ करोड़ और श्मशानों के लिए 100 करोड़? आख़िर सरकार कहना क्या चाहती है।
वहीं आज अखिलेश यादव गाजीपुर पहुंचे जहां पर भी उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर बजट को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पांच बजट पेश किए, क्या मिला लोगों को। कितना कालाधन लाया गया। अब प्रदेश में सबसे बड़े बजट के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें इंतजार है कि कोई बड़ी सड़क लेकर आएं।
यूपी में हो रहे एंकाउंटर को लेकर लगाए आरोप-
यूपी में हो रहे एंकाउंटर को लेकर उन्होंने कहा सूबे में इन दिनों ताबड़तोड़ एनकाउंटर हो रहे हैं। इनमें भी काफी भेदभाव बरता जा रहा है। हर स्तर पर कमजोरों का एनकाउंटर किया जा रहा है, बड़े बदमाश आराम से अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। लखनऊ में भाजपा के विधायक रहे शख्स के बेटे की हत्या हो गई, अभी तक कोई नहीं पकड़ा गया। प्रदेश की तमाम घटनाओं को लेकर पुलिस पर अंगुलियां उठ रही हैं।
गठबंधन पर दिया बयान-
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की कोशिश रहेगी सभी दल गठबंधन के लिए साथ आएं। उपचुनाव को लेकर सपा प्रत्याशियों के चयन में जुटी हुई है।
Published on:
16 Feb 2018 09:44 pm
