
सबसे मालदार है अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी, बाकी दलों को छोड़ा पीछे
लखनऊ. समाजवादी पार्टी पूरे देश में सबसे अमीर क्षेत्रीय दल बन गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार के सत्ता से बदखल होने के बाद भी सपा सबसे मालदार है। एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म) ने अपनी रिपोर्ट में जो आंकड़े जारी किये हैं उसके मुताबिक समाजवादी पार्टी को साल 2016-17 में 82.76 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।
सपा सबसे मालदार
देश के 32 क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की कुल आय वित्त वर्ष 2016-17 में 321.03 करोड़ रुपये रही और इनमें समाजवादी पार्टी (सपा) 82.76 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर रही। सपा के बाद तेदेपा और अन्नाद्रमुक का नम्बर है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने मंगलवार अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। कुल 48 क्षेत्रीय दलों में से 16 दलों की ऑडिट रिपोर्ट चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक सपा और अन्नाद्रमुक ने आय से क्रमश: 64.34 करोड़ और 37.89 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए। सपा का कुल खर्च इन 32 दलों के कुल खर्च (435.48 करोड़ रुपये) का 33.78 प्रतिशत रहा।
एडीआर के आंकड़े
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल इन क्षेत्रीय दलों ने 435.48 करोड़ रुपये खर्च किए। वर्ष के दौरान इनमें से 17 दलों ने दिखाया कि इस दौरान उनकी आय 114.45 करोड़ (जो खर्च नहीं हुई) रुपये रही। सपा ने 2016-17 में सबसे अधिक आय (82.76 करोड़) दर्ज की जो क्षेत्रीय पार्टियों की आय का 25.78 प्रतिशत है। उसके बाद तेलुगु देशम पार्टी यानी तेदेपा (72.92 करोड़ रुपये) और अन्नाद्रमुक (48.88 करोड़ रुपये) का स्थान है। जिन 16 क्षेत्रीय दलों की 2016-17 की ऑडिट रिपोर्ट चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है उनमें आम आदमी पार्टी (आप), और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जैसे प्रमुख दल शामिल हैं।
इन्होंने नहीं दी डीटेल
13 दलों की आय में बढ़ोत्तरी में शामिल 32 क्षेत्रीय दलों में से 14 ने अपनी आय में वर्ष के दौरान 2015-16 की तुलना में गिरावट दर्शाई है जबकि 13 दलों ने आय में वृद्धि दिखाई है। पांच क्षेत्रीय दलों ने चुनाव आयोग में आयकर रिटर्न (आईटीआर) जमा नहीं किया है। आईटीआर जमा करने वाले 27 क्षेत्रीय दलों की आय 2015-16 में 291.14 करोड़ से बढ़कर 2016-17 में 316.05 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं पांच क्षेत्रीय पार्टियां ऐसी हैं जिन्होंने निर्वाचन आयोग में अपनी आयकर रिटर्न की डीटेल जमा नहीं कराई। इन पार्टियों में केरल कांग्रेस मणि शामिल, भारतीय राष्ट्रीय लोकदल, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, ऑल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रैटिक फ्रंट और जम्मू एवं कश्मीर पीपल्स डेमोक्रैटिक पार्टी शामिल हैं।
Published on:
23 May 2018 10:40 am
