
परिवारवाद की राह पर मायावती, भाई-भतीजे को पार्टी में दी अहम जिम्मेदारी
लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन (BSPnational convention ) में मायावती ने कई अहम फैसले लिये हैं। उन्होंने भाई आनंद कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा भतीजे आकाश कुमार को नेशनल को-आर्डिनेटर नियुक्त किया है। पार्टी में दो नेशनल को-आर्डिनेटर बनाए गए। मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी गौतम को भी नेशनल कॉर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी है। बसपा प्रमुख मायावती अभी तक विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही हैं। बसपा के राजधानी स्थित मॉल एवेन्यू ऑफिस में दो घंटे 20 मिनट तक बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के सभी पदाधिकारी और जोनल को-ऑर्डिनेटर शामिल हुए। उन्होंने देशभर में बहुजन समाज पार्टी के विस्तार करने, नई रणनीति बनाने, उत्तर प्रदेश उपचुनाव की तैयारियों और पार्टी में बदलाव को लेकर चर्चा की।
आकाश आनंद लोकसभा चुनाव में मायावती की हर रैली में मंच पर उनके साथ दिखे थे। इतना ही नहीं जिस रैली में मायावती नहीं गईं, उनकी अनुपस्थिति में आकाश ने पार्टी का प्रतिनिधित्व किया। चुनाव प्रचार के दौरान ही मायावती ने सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर दी कि वह आकाश को पार्टी मूवमेंट से जोड़ेंगी और उन्हें राजनीति का ककहरा सीखने का अवसर देंगी। आकाश आनंद मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे हैं, जो लंदन से एमबीए कर लौटे हैं।
पहले भी पार्टी के उपाध्यक्ष थे आनंद कुमार
भाई आनंद कुमार को मायावती ने पहले भी बसपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था। तब वह उन्हें बसपा में आगे बढ़ाना चाहती थीं। पार्टी में उन्होंने आनंद कुमार को जब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी तो उन पर परिवारवाद के आरोप लगने लगे। इसके बाद आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया। अब फिर से उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
मीटिंग से पहले बाहर ही जमा करने पड़े फोन
बसपा के राष्ट्रीय अधिवेशन (BSP National Convention) में भाग लेने आये पार्टी पदाधिकारियों व नेताओं को मीटिंग हाल में एंट्री से पहले मोबाइल, बैग, पेन और कार की चाबी सहित अपना सामान बाहर ही जमा करना पड़ा। पहली बार ऐसा हुआ है, जब मायावती ने पदाधिकारियों व नेताओं के मोबाइल बाहर ही जमा करा लिये थे। गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बैठकों में आने वाले अफसरों के मोबाइल बाहर ही जमा करा लिये थे।
Updated on:
23 Jun 2019, 3:17 PM IST
Published on:
23 Jun 2019, 2:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.