लखनऊ. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मिशन रोजगार में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने प्रदेश के युवाओं को बड़े स्तर पर नौकरी देने का ऐलान किया है। यूपी सरकार (UP Government) ने 74 हजार रिक्त पदों की भर्ती के लिए हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर राज्य लोक सेवा आयोग, यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, यूपी उच्चतर शिक्षा चयन आयोग व यूपी माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्षों के साथ बैठक की। इन आयोगों व बोर्ड के तहत उन्होंने विभिन्न पदों पर होने वाली भर्तियों की कार्ययोजना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।