
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 34वीं पुण्य तिथि पर उनको नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों के हित में काम करने वाला चौधरी चरण सिंह जैसा नेता बताया। कहा कि भाजपा सरकार किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में प्रदेश में सबसे ज्यादा 2.42 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम कृषि सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है जो देश के किसी भी राज्य से ज्यादा है। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार पीएम मोदी के मार्गदर्शन में किसानों के हितों का पूरा ख्याल रख रही है।
नहीं बढ़ेंगे बिजली के दाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते चार वर्ष में प्रदेश सरकार ने किसानों को 1.35 लाख करोड़ से अधिक रुपए का गन्ना मूल्य भुगतान किया है। क्रय केंद्रों पर अब तक 38 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है। 1975 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के साथ डीबीटी के माध्यम से 72 घंटों में किसानों को पैसा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, किसान व श्रमिक के लिए प्रदेश सरकार पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है। किसान भाइयों के हितों को संरक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने तय किया है कि बिजली के दाम नहीं बढ़ेंगे।
चौधरी चरण सिंह के रास्ते पर चल रही योगी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेती के लिए आवश्यक डीएपी खाद पर सब्सिडी का दाम 1,200 रुपया प्रति बोरी घोषित करके किसानों के हितों के प्रति समर्पित अपनी प्रतिबद्धता को दिखाया है। कोरोना काल में किसान भाइयों को कोई समस्या न होने पाए, इसके लिए खेती-बाड़ी के कार्यक्रम को अनवरत जारी रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह ने जीवन प्रयत्न किसानों के हित के लिए काम किया और मौजूदा सरकार भी उन्हीं के दिखाए रास्ते पर ही चलते हुए किसानों के हित में काम कर रही है।
Published on:
29 May 2021, 4:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.