
अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, आरएसएस के मुकाबले किए कर सकते हैं बड़ा ऐलान!
लखनऊ/अमेठी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चार जुलाई को दो दिवसीय दौरे के लिए अपने सांसदीय क्षेत्र अमेठी आ रहे हैं। इस दौरान वह कई स्थानों पर नुक्कड़ सभा को संबोधित करने के साथ ही सांसद निधि से निर्मित/निर्माणाधीन योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा किसान चौपाल भी लगाएंगे। हालांकि अमेठी के कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र ने बताया कि राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे की सूचना मिली है लेकिन उनके कार्यक्रम अभी तय नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी तैयारी शुरू कर दी हैं।
किसानों पर रहेगा खास फोकस
राहुल गांधी के इस दौरे का खास फोकस किसानों पर रहेगा। वे किसानों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा बहादुरपुर में मृत किसान के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देंगे। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए राहुल कार्यकर्ताओं को मंत्र भी देंगे।बताया जा रहा है कि राहुल गांधी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्हें बूथवार जिम्मेदारी भी सौंपेंगेराहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर एसपीजी जिले में डेरा डाले हुए है। बीते दिनों राजधानी में प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर व राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कहा था किसानों की कर्जमाफी व जमीन के मुद्दे को कांग्रेस प्रदेश भर में उठाएगी।
सेवादल को लेकर कर सकते हैं बड़ी घोषणा
सूत्रों की मानें तो इस दौरान राहुल गांधी आरएसएस का मुकाबला करने के लिए सेवा दल को दोबारा से खड़ा करने की घोषणा भी सकते हैंं। यूपी कांग्रेस इकाई से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों का दावा है कि लोकसभा चुनाव से पहले ही सेवा दल का इस्तेमाल न केवल पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए किया जाएगा, बल्कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की एक मजबूत काट के तौर पर भी उभरेगा। कांग्रेस पदाधिकारी का दावा है कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी कांग्रेस सेवा दल को फिर से सक्रिय करने की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने सेवा दल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुकाबले खड़ा करने की योजना तैयार की है। कांग्रेस के सूत्र भी बताते हैं कि सेवा दल का इतिहास कांग्रेस जितना ही पुराना है. इसकी कार्यशैली बिल्कुल आरएसएस की तरह ही रही है।
अहम है राहुल का ये दौरा
यूपी में कांग्रेस की स्थिति काफी कमजोर है। इस लिहाज से राहुल गांधी का ये दौरा अहम माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस में कई अहम बदलाव भी होने वाले हैं। प्रदेश कांग्रेस के कई नेता भी राहुल गांधी से इस दौरान मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा सांसद राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या की जानकारी प्राप्त कर उसके निराकरण की कोशिश करेंगे। बता दें कि चार जुलाई को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी यूपी में होंगे।
Updated on:
2 Jul 2018, 1:20 PM IST
Published on:
2 Jul 2018, 12:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.