लखनऊ. लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती नोवल कोरोना वायरस (novel coronavirus) संक्रमित दोनों मरीजों की तबीयत स्थिर बनी हुई है। दोनों मरीजों को अलग-अलग कमरे में भर्ती किया गया है। वहीं कल यानी रविवार को स्पेन से लौटे एक युवक को भी केजीएमयू में भर्ती किया गया। इसके अलावा जॉर्डन से लौटे कोरोना के संदिग्ध मरीज को लोहिया संस्थान में भर्ती किया गया। वहीं केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि रविवार को बंगलुरू की एक महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। उसका जांच के लिए नमूना आगरा से आया था। कुल 60 नमूनों की जांच हुई है। अबतक एक को छोड़ बाकी किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।