लखनऊ. Corona Vaccination in UP: कोरोना काल में सीएम योगी एक्शन मूड में दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में चल रहे सबसे बड़े कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत अब तक एक करोड़ 27 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। जिसमें से 1.05 करोड़ लोगों ने पहली डोज ले ली है तो वहीं 22.33 लाख लोगों ने दूसरी डोज भी ले ली है। प्रदेश में अब 18-44 आयु वर्ग के लोगों के कोविड-19 टीकाकरण की शुरूआत भी हो चुकी है। पहले फेज का टीकाकरण राज्य के दस जिलों में शुरू किया गया है, जिनमें कोविड-19 के 9000 से ज्यादा ऐक्टिव केस हैं। वहीं अब सीएम योगी ने टीकाकरण अभियान में मीडियकर्मियों और उनके परिजनों को खास तवज्जो देने की घोषणा की है। कोरोना वारियर्स की तरह इस आपदा की घड़ी में दिन रात कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों और उनके 18 साल से ऊपर के परिजनों के वैक्सीनेशन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग से सेंटर अलॉट करने का निर्देश दिया है।