लखनऊ. (Academic Session Extend) चीन से विश्व भर में फैला कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर अब बढ़ता जा रहा है। इससे बचाव को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार काफी सतर्क है। कोरोना से बचाव के लिए सरकार ने अब एक और बड़ा फैसला लिया है। सरकार आईआईटी (IIT), एनआईटी (NIT), आईआईआईटी (IIIT), विश्वविद्यालयों (University) और उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के अकादमिक सत्र को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सरकार अप्रैल में होने वाली परीक्षाओं को भी आगे बढ़ाने की तरफ विचार कर रही है। देश में उच्च शिक्षण संस्थानों में अकादमिक सत्र 1 जुलाई से 30 जून तक चलता है। 2019 का अकादमिक सत्र पूरा होने के आधार पर ही शैक्षणिक सत्र 2020-21 को शुरू माना जाएगा। अगले हफ्ते स्थिति की समीक्षा करने के बाद संस्थानों को आगे बंद रखने पर फैसला होगा।