मुख्यमंत्री ने आयोग की बात पर कार्मिक विभाग को निर्देश दिया कि भर्ती संबंधी दूसरे सुझावों के साथ इसे भी रखा जाए। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन प्रवीर कुमार ने बताया कि इसमें आवेदक अपनी शैक्षिक योग्यता, श्रेणी और अर्हता आदि से संबंधित प्रमाण-पत्रों को एक बार ही अपलोड करना होगा। आवेदक समय-समय पर अपनी यूजर प्रोफाइल को अपडेट भी कर सकेगा। एक बार पंजीकरण होने और आधार कार्ड संख्या के साथ लिंक होने के बाद आवेदक की तरफ से मूलभूत विवरण जैसे-नाम, पिता का नाम, जाति और जन्मतिथि, श्रेणी आदि को बदला नहीं जा सकेगा। हालांकि इस बीच अगर आवेदक कोई दूसरी उच्चतर शैक्षिक योग्यता या अर्हता हासिल करता है तो उसे उसमें अपडेट किया जा सकेगा।