HIV Prevention: उत्तर प्रदेश में अनुमानित 1.97 लाख लोग एचआईवी से संक्रमित हैं, जिनमें से लगभग 1.20 लाख लोग विभिन्न एआरटी केंद्रों से उपचार प्राप्त कर रहे हैं। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पार्थ सारथी सेन शर्मा ने हाल ही में एचआईवी के खिलाफ लड़ाई को केवल चिकित्सीय नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी विषय बताया। उनका कहना है कि एचआईवी से जुड़े भेदभाव और भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है, क्योंकि ये लोग इलाज और सहायता लेने में बाधा बनते हैं। उन्होंने इस दिशा में एचआईवी/एड्स प्रिवेंशन एंड कंट्रोल एक्ट, 2017 के महत्व पर जोर दिया, जो किसी भी व्यक्ति को उसकी एचआईवी स्थिति के आधार पर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से वंचित नहीं होने देता।