
लखनऊ. जोहानिसबर्ग के न्यू वांडरर्स स्टेडियम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच खेला जायेगा। भारतीय टीम वनडे सीरीज में 5-1 की ऐतिहासिक जीत के बाद आत्म विश्वास से भरी हुई है, वहीं मेजबान टीम मेहमानों से मुकाबले को तैयार है। मैच शाम छह बजे से शुरू होगा। इस मैच में बल्लेबाजी जहां विराट कोहली , रोहित शर्मा और शिखर धवन के आसपास घूमती नजर आएगी, वहीं गेंदबाजी का जिम्मा उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के कंधों पर होगा। तेज गेंदबाजी का अगुआई भुवनेश्वर कुमार करेंगे, उनका साथ देंगे जसप्रीत बुमराह, वहीं स्पिन गेंदबाजी कानपुर के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के कंधों पर होगी, साथ देंगे यजुवेंद्र चहल। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार का शानदार प्रदर्शन जारी रहा था।
भारतीय टीम में लंबे समय बाद वापसी करने वाले उत्तर प्रदेश के धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना पर भी सबकी निगाहें होंगी। उन्होंने करीब एक साल बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया है। मध्यक्रम के दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने वर्ष 2015 के बाद से कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, वहीं रैना ने आखिरी इंटरनेशनल टी-20 मैच साल भर पहले इंग्लैंड टीम के खिलाफ खेला था। तबसे वह टीम से बाहर हैं। दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा टी20 सीरीज के लिये उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो न्यू वांडरर्स स्टेडियम में जब टी-20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा, तो बादल छाये रहेंगे। दोनों ही टीमों की कोशिश इस मैच को जीतकर तीन मैचों की सीरीज में महत्वपूर्ण बढ़त लेने की होगी। अब तक भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कुल 10 टी-20 मैच खेले गये हैं, जिनमें भारत को छह में जीत हासिल हुई है, जबकि चार मैचों में हार। वहीं दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर कुल चार मैच खेले गये हैं, इनमें से तीन में भारत को जीत हासिल हुई है।
यह भी पढ़ें : IPL-11 में छा जाने को बेताब हैं यूपी के ये क्रिकेटर
Published on:
18 Feb 2018, 12:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.