लखनऊ. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के सामने युवक-युवती ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को खुदकुशी (Suicide) करने से बचा लिया। युवती ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह रेप पीड़िता है। मऊ के घोसी लोकसभा सीट से बीएसपी सांसद अतुल राय (Ghosi MP Atul Rai ) ने उसका रेप किया है, लेकिन वाराणसी पुलिस (Varanasi Police) दोषी को सजा दिलाने के बजाए मेरे चरित्र पर सवाल उठा रही है। इस दौरान पीड़िता ने वाराणसी के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक (IPS Amit Pathak), थाने के एसएचओ (SHO) और विवेचक समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद गाजियाबाद में तैनात एसएसपी अमित पाठक (SSP Ghaziabad Amit Pathak) को हटा दिया गया। इसके अलावा कोतवाल और विवेचक को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं इस मामले का संज्ञान राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया है।