27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी के एग्जाम पैटर्न में होगा बदलाव, जल्द शुरू होंगे नए पाठ्यक्रम

राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के एग्जाम पैटर्न में कई बदलाव होने वाले हैं।

2 min read
Google source verification
gg

hh

लखनऊ. राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के एग्जाम पैटर्न में कई बदलाव होने वाले हैं। अब सेमेस्टर के बीच में मिड टर्म एग्जाम भी कराए जाएंगे। साथ ही शोध को बढ़ावा देने, नए पाठ्यक्रम और दो नए सेमिनार पेपर सहित लॉ जर्नल प्रकाशित किए जाएंगे। इस बात की जानकारी नवनियुक्त कुलपति प्रो. एसके भटनागर ने दी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का नैक मूल्यांकन भी जल्द कराया जाएगा।

होंगे कई बदलाव, जल्द होगा नैक मूल्यांकन

मीडिया से बातचीत में प्रो.भटनागर ने कहा कि यूनिवर्सिटी शुरू हुए करीब 12 वर्ष हो गए हैं। नैक मूल्यांकन नहीं होने से यूनिवर्सिटी को आगे ले जाने में काफी समस्या आ रही है। जल्द ही नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए आईक्यूएसी का गठन किया जा रहा है। प्लेसमेंट अच्छा करने के लिए आईएएम और आईआईटी जैसे संस्थान के विशेषज्ञों की मदद लेंगे। उन्होंने कहा कि शैक्षिक सुधार के लिए शिक्षा से जुड़े नियमों का लॉन्ग और शार्ट टर्म पुनरीक्षण कर रहे हैं। मिड टर्म एग्जाम के साथ ही प्राक्टोरियल बोर्ड के स्वरूप में बदलाव किया गया है। पत्रकार वार्ता में विभागाध्यक्ष संजय सिंह और प्रवक्ता अल्का सिंह भी उपस्थित रहीं।

शुरू होंगे नए पाठ्यक्रम

प्रो. भटनागर ने बताया कि नए पाठ्यक्रम शुरू करने पर चिंतन चल रहा है। जल्द ही दो नए सेमिनार पेपर प्रारम्भ होंगे। इसमें एक कृषि विधि और दूसरा चिकित्सा पर होगा। कृषि विधि सेमिनार पेपर में कृषि नीति जैसे मुद्दों और चिकित्सा विधि में चिकित्सा लापरवाही एवं दवाइयों के क्रिनिकल ट्रायल पर कानून बनाने पर बात होगी।

एल्मनाई एसोसिएशन का भी होगा गठन

यूनिवर्सिटी में एल्मनाई एसोसिएशन का भी गठन किया जाएगा। कुलपति ने शोध को बढ़ावा देने को लेकर कहा कि एनआईआरएफ में स्टाफ की जानकारी के अभाव में यूनिवर्सिटी का शोध कार्य शून्य पर चला गया है लेकिन अब शोध को बढ़ावा देने के लिए कापीराइट, पर्यावरण विभाग, महिला सशक्तीकरण जैसे विभागों से मिलने वाले वित्तीय सहयोग का भरपूर लाभ उठाया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही यूनिसेफ के साथ भी शोध के लिए अनुबंध है। जिससे साफ है कि आने वाले समय में शोध की संख्या बढ़ेगी।

ओरिएंटेशन प्रोग्राम की शुरुआत

गुरुवार को यूनिवर्सिटी में बीए-एलएलबी और एलएलएम कोर्स के छात्रों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वीसी एसके भटनागर ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम को प्रो. अलका सिंह ने कोर्डिनेट किया। इस दौरान कई अन्य फैकल्टीज़ भी मौजूद रहे।