
लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: CM योगी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया (फोटो- पत्रिका)
CM Yogi Adityanath Inspected Incident Site: लखनऊ के अलीगंज में सोमवार दोपहर 2:15 बजे एक इमारत में भीषण आग लगी थी। इस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर, पेट शॉप क्लीनिक और आर्ट प्रोडक्शन का ऑफिस था। बिल्डिंग में लगी भीषण आग की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। जान गंवाने वालों में अधिकतर लोग स्टूडेंट्स हैं।
अग्निकांड की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। इस दौरान डिप्टी CM ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के बारे में जानकारी ली है। बता दें कि डिप्टी CM ब्रजेश पाठक घटना स्थल पर पहले से ही मौजूद थे। हादसे की सूचना के बाद डिप्टी सीएम मौके पर पहुंचे थे। ब्रजेश पाठक KGMU में इलाज के लिए भेजे गए लोगों की जानकारी पर भी लगातार नजर रखे हुए थे।
लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड हादसे पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav) ने संवेदना व्यक्त की है। अखिलेश यादव ने 'X' पर लिखा- लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे।
अखिलेश ने आगे लिखा- ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में फंसे एक छात्र ने फोन करके अपने पिता से मदद की गुहार लगाई थी। छात्र के परिजनों ने यह जानकारी दी है। बेटे की कॉल पर मौके पर पहुंचे पिता ने बताया फोन पर हुई बातचीत की दास्तां बयां की है। छात्र ने रोते हुए फोन पर कहा- पापा बिल्डिंग में आग लग गई है। पापा मुझे बचा लीजिए, अब मैं बच नहीं पाऊंगा। आग पूरी बिल्डिंग में फैल चुकी है। हम लोगों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया है। यहां भी धुआं भर रहा है, बहुत घुटन हो रही है। इसके बाद फोन कट हो गया।
लखनऊ के KJMU के ट्रॉमा सेंटर की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमिया अग्रवाल ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। डॉ. अमिया अग्रवाल ने बताया कि यहां 21-22 बच्चों को लाया गया है, जिनमें से 5 घायल हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। आग से बचने के लिए बिल्डिंग से कूदने वाले दो बच्चों की पीठ में चोट आई है, उनका CT स्कैन किया गया है और इलाज चल रहा है।
डॉ. अमिया अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल में 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था। उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भेजा जाएगा। पोस्टमॉर्टम के लिए 5 शव भेजे जा चुके हैं और बाकी 10 शवों को भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगी थी। इस बिल्डिंग के बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप एवं क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो है। इस स्टूडियो में 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।
आग्निकांड के बारे में स्थानीय लोगों ने जानकारी दी है। लोगों ने बताया कि सबसे पहले आग हेड हॉपर 3D आर्ट स्टूडियो में लगी थी। यहीं से आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आग फैलने के बाद दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में कुछ छात्रों ने बचने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। वहीं, कुछ छात्र जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूद गए।
घटना स्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, दोपहर के वक्त सब कुछ ठीक चल रहा था। तभी अचानक बाहर लगे बिजली के पोल में एक जोरदार धमाका हुआ और शॉर्ट सर्किट के कारण भयंकर चिंगारियां निकलने लगी। यह आग नीचे मौजूद सामान से होते हुए बेहद तेजी से ऊपर की मंजिलों की तरफ बढ़ गई। देखते ही देखते पूरी 3 मंजिला इमारत में भयंकर आग लग गई।
कोचिंग सेंटर वाली बिल्डिंग में काम करने वाले सुशांत ने आग लगने का कारण बताया है। सुशांत ने बताया कि तीन मंजिल की बिल्डिंग में दो में पेट शॉप चलती हैं। इसके ऊपर एनिमेशन की कोचिंग में सुशांत काम करते हैं। सुशांत ने कहा कि आग नीचे वाले फ्लोर के एसी से लगी थी। AC की खराबी के बारे में कई बार बिल्डिंग मालिक से शिकायत की गई थी। इसके बावजूद AC को ठीक नहीं किया गया। हालांकि, आग किस वजह से लगी है। इसके बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है।
हादसे के बाद डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने भावुक होकर कहा कि दुखद घटना है। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं। यह कहते हुए डिप्टी CM की आंखे नम हो गईं। ब्रजेश पाठक ने कहा- बिल्डिंग के अंदर कुछ बच्चों के अंदर होने की बात सामने आ रही है। एक-एक कमरे की जांच की जा रही है। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
22 Jun 2026 09:44 pm
Published on:
22 Jun 2026 08:21 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
