
#DishaRavi: दिशा रवि मामले में प्रियंका गांधी, संजय सिंह और अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
लखनऊ. विवादित 'टूलकिट' मामले में जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि (21 वर्ष) की गिरफ्तारी के बाद भाजपा सरकार निशाने पर आ गई। यूपी के विपक्षी दलों ने जमकर खिंचाई की। जहां कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने शायराना अंदाज में टिप्पणी की तो आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बेहद कड़क होकर कहाकि मोदी राज में सच बोलना और हक़ बोलना “देश द्रोह” है। समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि,भाजपा सरकार बताए कि शिकायत करने पर भी वो इन ‘टूलकिटजीवियों’ पर कार्रवाई क्यों नहीं करती?
डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सोमवार को ट्विट किया कि, डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।
मोदी राज में सच बोलना देश द्रोह : संजय सिंह
दिशा रवि की गिरफ्तारी पर भाजपा सरकार को आइना दिखाते हुए आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने सोमवार को अपने ट्विट पर लिखा कि, तानाशाही का अंत जल्द होगा। पर्यावरण की रक्षा के लिये संघर्ष करने वाली #DishaRavi ने किसानों के हक़ में आवाज़ उठाई तो उसे देशद्रोही बना दिया गया, मोदी राज में सच बोलना और हक़ बोलना “देश द्रोह” है।
‘टूलकिटजीवियों’ पर कार्रवाई क्यों नहीं करती : अखिलेश यादव
‘टूलकिट’ पर सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा से पूछा कि, .. सवाल ये है कि वो कब गिरफ़्तार होंगे जो भारत की राष्ट्रीय एवं सामाजिक एकता को खंडित करने के लिए सुबह-शाम जनता के बीच घृणा व विभाजन को जन्म देने के लिए शाब्दिक ‘टूलकिट’ जारी करते रहते हैं। भाजपा सरकार बताए कि शिकायत करने पर भी वो इन ‘टूलकिटजीवियों’ पर कार्रवाई क्यों नहीं करती?
#DishaRavi दिशा रवि गिरफ्तार :- टूलकिट केस में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने दिशा रवि #दिशा_रवि को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। चार फरवरी को दिल्ली पुलिस ने टूलकिट को लेकर केस दर्ज किया था। पूछताछ में दिशा ने बताया कि उसने टूलकिट में कुछ चीजें एडिट कर और कुछ चीजें जोड़कर फिर आगे बढ़ाया था। ये वो ही टूलकिट है जिसे पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
Published on:
15 Feb 2021, 1:32 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.