लखनऊ में मंकी पाक्स को लेकर सभी अस्पतालों में अलर्ट जारी किया है। लखनऊ सीएमओ ने गुरुवार को जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। मंकी पाक्स के लक्षण मिलने पर मरीजों को अलग वार्ड में भर्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डा. मनोज अग्रवाल ने बताया कि, अभी कोरोना वायरस के बाद मंकी पाक्स वायरस ने जन्म लिया है। हालांकि, अभी कोई भी मरीज सामने नहीं आया है लेकिन अस्पतालों को सजगता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डा. मनोज अग्रवाल ने बताया कि, मंकी पाक्स नामक वायरस से व्यक्ति को पहले बुखार आता है। उसके बाद शरीर में चक्कते पड़ने लगते हैं लिम्फनोड़ जैसे लक्षण मिलते हैं। जो दो से चार सप्ताह तक रहता है। यह वायरस आंख, नाक, मुंह के जरिए शरीर में दाखिल होता है। संक्रमित जानवरों के काटने पर भी यह संक्रमण हो सकता है। अगर किसी भी मरीज में इस तरह का कोई लक्षण पाया जाता है तो उसके नमूने को पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट वायरोलाजी लैब में भेजा जाएगा।