यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि, महिला उत्थान, सशक्तिकरण, साक्षरता, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता जैसे विषयों पर महिला सदस्य अपनी बात रख सकती हैं। 19 सितंबर से शुरू हो रहे सत्र में इसके लिए जल्द एक दिन तय किया जाएगा। इसमें दिन भर और कोई विधायी कार्य नहीं होगा। केवल दिन भर इसी मुद्दे पर महिला सदस्य चर्चा करेंगी। इस कवायद का उद्देश्य आधी आबादी की आवाज को सदन के माध्यम से उठाना है। इसमें नए विचार सामने आएंगे और भविष्य में महिला सदस्य ज्यादा मुखरता से अपनी बात कह सकेंगी। इस बार विधानसभा में 47 महिला विधायक जीत कर आईं हैं। इस बीच सत्र की तैयारियों के लिए 18 सितंबर को कार्यमंत्रणा समिति, सर्वदलीय बैठक व सुरक्षा संबंधी बैठकें होंगी।