
Prayagraj
लखनऊ. प्रयागराज में होने वाले कुंभ में यात्रियों की सेहत के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। लखनऊ समेत देश विदेश से कई श्रद्धालु कुंभ के इंतेजार में हैं और रेलवे विभाग ने उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखा है। इसके लिए स्टेशन परिसर के अंदर व बाहर यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधित दिक्कत होने पर उनका तुरंत उपचार किया जाएगा। जिसके लिए जगह-जगह चिकित्सकों की टीम तैनात की जाएगी। इसमें जंक्शन पर उपलब्ध समस्त सुविधाओं की जानकारी देने के लिए प्रवेश द्वार पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे। यही नहीं जंक्शन पर मशीनीकृत सफाई, व्हीलचेयर, सुरक्षा व अग्निशमन यंत्र की जरूरी व्यवस्था की जाएगी।
यह भी होंगी सुविधाएं-
जंक्शन के सिटी व सिविल लाइंस साइड पर लगातार एंबुलेंस खड़ी मिलेगी, वहीं नैनी स्टेशन पर एक मेडिकल बूथ स्टेशन व एक आश्रय स्थल बनाया जाएगा। छिवकी स्टेशन पर मेडिकल बूथ प्लेटफार्म व एक आश्रय स्थल भी बनाया जाएगा। लोगों को समझने में परेशानी न हो न व आपसी सामंजस्य स्थापित हो सके इसके लिए आरपीएफ, वाणिज्य, इलेक्ट्रिकल, मेडिकल व अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष टीम गठित कर वहां तैनात की जाएगी। वहीं प्रत्येक आश्रय स्थल में एक मेडिकल बूथ होगा, जहां डॉक्टर, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे। दवाएं व जांच की उपयुक्त व्यवस्था होगी। साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, सात, आठ, नौ व दस पर एक मेडिकल बूथ बनाया जाएगा।
Published on:
15 Nov 2018, 4:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.