
लखनऊ. मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। सर्द हवा के कारण रात के तापमान में भारी गिरावट आ रही है। रविवार को चित्रकूट और इटावा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सर्दी की वजह से तबीयत बिगड़ने से प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई। राजधानी लखनऊ में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। शहर का औसत एक्यूआइ 211 था।
येलो अलर्ट जारी :- मौसम विभाग
दिसंबर माह चल रहा है। मौसम में अब ठंड बढ़ रही है। बर्फीली हवाओं के चलने यूपी के कई जिलों के हालात खराब हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध और बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ जिले मेरठ, सहारनपुर, शामली, बागपत, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में रहेगा ठंडी हवाओं का असर :- जेपी गुप्ता ने आगे सचेत करते हुए कहाकि, आने वाले तीन दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन और रात दोनों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, गोंडा के आस पास ठंडी हवाओं का असर देखा जा सकता है।
छोटे स्कूली बच्चों का ध्यान रखना जरूरी :- छोटे स्कूली बच्चों का खास ध्यान रखा जाना जरूरी है। बड़े बुजुर्ग भी सावधानी बरतें। पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में नहीं है पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के पूर्वी राज्यों में बारिश की संभावना है।
यूपी में सबसे अधिक ठंडा शहर रहे चित्रकूट और इटावा :- सर्द हवा के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को चित्रकूट और इटावा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम पारा पांच डिग्री, महोबा में 5.3, हमीरपुर व उन्नाव में छह, बांदा में सात, कन्नौज व कानपुर देहात में 7.4, फर्रुखाबाद में आठ, जालौन में नौ और औरैया में न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सर्द से तीन की मौत:- सर्दी की वजह से तबीयत बिगड़ने से चित्रकूट के बरगढ़ में 84 वर्षीय बुजुर्ग, फतेहपुर की बिंदकी तहसील के रुस्तमपुर गांव में 38 वर्षीय युवक और उन्नाव के दही थानाक्षेत्र के घटोरी मजरा तारगांव में 52 वर्षीय किसान की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें...
Updated on:
20 Dec 2021 08:47 am
Published on:
20 Dec 2021 08:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
