प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद वाराणसी समेत देश के हर गांव में पंचवटी विकसित की जाएगी। पंचवटी में पीपल, वट, बेल, हरड़ और अशोक के पौधे लगाये जाएंगे। ग्राम समाज की जमीन पर दिशाओं के अनुसार विशेष कोण में इन पौधों को लगाया जाएगा। बीच में बेल के चार पौधे, चारों कोनों पर बरगद का एक-एक पौधा, गोलाकार रूप में अशोक के 25 पौधे, दक्षिण दिशा में आंवला के दो पौधे और चारों दिशाओं में पीपल के चार पौधे लगाए जाएंगे। 39 पौधों से तैयार हुई पंचवटी का औषधीय, पर्यावरणीय और धार्मिक महत्व है। पौधरोपण के पांच वर्ष बाद पौधों के केंद्र में वर्गाकार वेदी का निर्माण किया जाएगा।