
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. 30 जून 2021 को हितेश चंद्र अवस्थी उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद से रिटायर हो रहे हैं। सरकार उन्हें सेवा विस्तार देगी या फिर प्रदेश को नया डीजीपी मिलेगा। इसे लेकर ब्यूरोक्रेसी से लेकर सियासी गलियारों में अटकलें शुरू हो गई हैं। वरिष्ठता के हिसाब से देखा जाए तो हितेश चंद्र अवस्थी के बाद डीजीपी कुर्सी के नौ दावेदार हैं, इनमें सबसे आगे नाम 1986 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस नासिर कमल (Nasir Kamal) का है। सरकार वरिष्ठता को प्राथमिकता देगी या दूसरे समीकरणों को यह तो 30 जून को ही पता चलेगा, क्योंकि कुछ ही महीनों बाद यूपी विधानसभा चुनाव (uttar pradesh assembly elections 2022) होने हैं। फिलहाल, कयासों का दौर जारी है।
आईपीएस अफसर नासिर कमाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वर्तमान में वह डीजी एलएनजेएन, एनआईसीएफएस के पद पर तैनात हैं। जुलाई 2022 में इनका रिटायरमेंट है। वरिष्ठता के लिहाज से 1987 बैच के आईपीएस अफसर मुकुल गोयल दूसरे नंबर पर हैं। वह भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और वर्तमान में एडीजी बीएसएफ के पद पर तैनात हैं। इनका रिटायरमेंट फरवरी 2024 में होना है। वरिष्ठता सूची में तीसरा नाम 1987 बैच के आईपीएस अफसर आरपी सिंह का है जो वर्तमान में डीजी ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) और एसआईटी के पद पर तैनात हैं। फरवरी 2023 में इनका रिटायरमेंट है।
डीजीपी की कुर्सी के ये भी दावेदार
1987 बैच के आईपीएस अफसर विश्वजीत महापात्रा भी डीजीपी की कुर्सी की रेस में है। वरिष्ठता सूची में इनका चौथा नंबर है। जुलाई 2022 में इनका रिटायरमेंट हैं। पांचवा नाम 1987 बैच के आईपीएस अफसर गोपाल मीणा का है जो वर्तमान में यह डीजी राज्य मानवाधिकार आयोग के पद पर तैनात हैं और जनवरी 2023 में इनका रिटायरमेंट है। वरिष्ठता के लिहाज से 1988 बैच के आरके शर्मा भले ही छठे नंबर पर हैं, लेकिन दावेदारों की सूची में यह टॉप 5 में शामिल हैं। मई 2023 में इनका रिटायरमेंट है।
वरिष्ठता सूची में यह भी शामिल
इनके अलावा वरिष्ठता सूची में सातवें नंबर पर काबिज 1988 बैच के आईपीएस डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान भी डीजी पद की रेस में ऊपर हैं। वर्तमान में डीजी इंटेलिजेंस के पद पर तैनात हैं। इनका रिटायरमेंट मार्च 2023 में होना है। आठवें पर नंबर 1988 बैच के आईपीएस अनिल कुमार अग्रवाल हैं। वर्तमान में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और मिनिस्ट्री आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में तैनात हैं। अप्रैल 2023 में इनका रिटायरमेंट है। दावेदारों में वरिष्ठता सूची के आधार पर नौवें नंबर पर 1988 बैच के आईपीएस आनंद कुमार हैं। टॉप 5 में इनकी भी दावेदारी है। अप्रैल 2022 में इनका रिटायरमेंट है।
Updated on:
31 May 2021, 7:44 PM IST
Published on:
31 May 2021, 7:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.