जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-11 के साथ बैठक में इस फैसले पर अपनी सहमती दे दी है। यानी अब प्रदेश में हर हफ्ते केवल पांच दिन ही सरकारी और निजी दफ्तर खुलेंगे। जबकि शनिवार और रविवार को दफ्तर, बाजार, शहरी-ग्रामीण हाट और दूसरे व्यावसायिक संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि इस दौरान आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं जारी रहेंगी। दरअसल योगी सरकार ने बीते शुक्रवार की रात से सोमवार सुबह 5 बजे तक 55 घंटे का लॉकडाउन लगाया है। लेकिन अब यह नियम आगे भी जारी रहेगा। सरकार यह देखना चाहती है कि क्या ऐसा करने से कोरोना संक्रमण की संख्या पर कोई असर पड़ता है। ऐसे में अगर संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आती है तो यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। लेकिन अगर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता तो सरकार लॉकडाउन आगे भी बढ़ा सकती है। हालांकि सबकुछ उसके बाद की नई गाइडलाइन पर निर्भर करेगा।