
Rain
लखनऊ. मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित हुई और सप्ताह के अंत में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि ने गर्मी से निजात तो दिलाया, लेकिन एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान भी ले ली। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार देर रात से ही बारिश शुरू हो गई थी। शनिवार को मौसम बना रहा व ठंडी हवाएं भी चलती रही। वही शाम होते-होते काले बादलों ने सूरज को पूरी तरह से ढक लिया, जिससे शाम चार बजे ही रात जैसा माहौल हो गया। कुछ ही पलों में तेज बारिश ने फिर दस्तक दे दी। इसके चलते अधिकतम तापमान 31 डिग्री पर आ गिरा। अन्य जिलों में यह मौसम लोगों पर कहर बनकर टूटा। उन्नाव में 8, कन्नौज में 6, कौशांबी में एक, रायबरेली में एक की आकाशीय बीजली गिरने, तेज आंधी-तूफान व बारिश के कारण मौत हो गई है। इससे पूर्व शुक्रवार को आगरा में तीन की मौत हुई थी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
कन्नौज- जिले के तिर्वा तहसील क्षेत्र में चक्रवाती तूफान व ओलावृष्टि से भारी तबाही मची है। जिले में तेज आंधी से किशोर समेत 6 लोगों की मौत हो गई है वहीं, करीब 5 लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। तिर्वा एसडीएम टीम के साथ गावों में पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने में जुटे हैं।
उन्नाव- जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 8 लोगों की आंधी-तूफान, बिजली गिरने से मौत हो गई है। एडीएम ने सभी एसडीएम से जांचकर रिपोर्ट मांगी है। उन्नाव के सफीपुर, परियर में में 100 ग्राम से अधिक वजन के ओले भी गिरे है। तमाम इलाकों में तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरने से बिजली गुल रही।
रायबरेली- खीरो थाना क्षेत्र के रनापुर पहरौली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से यहां तीन युवक झुलस गए। एक युवक की अस्पताल ले जाते समय हुई मौत। घायलों को अस्पताल ले जा रही बोलेरो पलट गई। झुलसे युवकों की हालत गम्भीर है। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कौशांबी- तेज आंधी व बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली। खेत में बकरी चरा रहे एक अधेड़ व बालिका झुलसी। इलाज के लिए ले जाते समय अधेड़ की मौत, बालिका की हालत गंभीर। भुक्तभोगी परिवार में मचा कोहराम। नगर पंचायत अझुवा के अमिरतापुर गांव की घटना।
जेपी गुप्ता का बयान-
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि मौसम के करवट लेने का अनुमान पहले ही था। जम्मू कश्मीर पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, तो वहीं राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र है जिसके चलते प्रदेश में मौसमी उठापटक लगी हुई है। इसी कारण कहीं कम तो कहीं अच्छी बारिश हो रही है। उनके मुताबिक मौसम का यह मिजाज रविवार तक जारी रहेगा। वहीं सोमवार को रफ्तार कुछ धीमी पड़ेगी। उसके बाद फिरसे बादलों की आवाजाही के साथ बारिश के आसार हैं। उन्होंने बताया कि केरल में मॉनसून 1 जून के करीब दस्तक दे सकता है। यूपी में इसके करीब 22 दिन बाद मानसून आता है। हालांकि इसमें चार-पांच दिन का अंतर हो सकता है।
Updated on:
30 May 2020, 9:43 PM IST
Published on:
30 May 2020, 9:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.