
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह यादव के भाई राजपाल यादव का निधन
RIP Rajpal Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चाचा राजपाल यादव का आज सुबह निधन हो गया। राजपाल यादव ने तड़के 4 बजे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से यादव परिवार और समाजवादी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।
राजपाल यादव, जो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के भाई थे, काफी समय से बीमार थे। उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हुआ।
चाचा के निधन की खबर मिलने के बाद अखिलेश यादव ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और सैफई के लिए रवाना हो गए। शिवपाल सिंह यादव पहले से ही इटावा में मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ 09 जनवरी 2025
राजपाल यादव का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। यादव परिवार के सभी सदस्य और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
राजपाल यादव के निधन से समाजवादी पार्टी में गहरा शोक व्याप्त है। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शोक जताया। ट्वीट में कहा गया, "राजपाल यादव के निधन से समाजवादी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी सरलता और समाजसेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा।"
शिवपाल सिंह यादव ने कहा, "राजपाल यादव हमारे परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे। उनका जाना हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। वे हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे।"
राजपाल यादव को यादव परिवार और समाजवादी पार्टी में एक शांत और सरल व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता था। वे हमेशा पार्टी के लिए एक मजबूत समर्थन बने रहे। उनके निधन ने न केवल यादव परिवार, बल्कि पूरे सैफई और समाजवादी समर्थकों को गहरा आघात पहुंचाया है।
राजपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव और उनके परिवार के साथ समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दिया। वे पार्टी के निर्णयों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे।
सैफई में राजपाल यादव के अंतिम संस्कार की तैयारियां जोरों पर हैं। यादव परिवार के सदस्य, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, और हजारों कार्यकर्ता सैफई पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Updated on:
09 Jan 2025 04:46 pm
Published on:
09 Jan 2025 09:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
