
लखनऊ. समाजवादी पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने समाजवादी पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों को चिट्ठी भेजकर लोकसभा चुनाव में आवेदन से संबंधित जानकारी दी है। चिट्ठी में नियम और शर्तों के साथ बताया गया है कि सपा के टिकट पर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 31 जनवरी 2018 तक आवेदन कर सकते हैं।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी के जिलाध्यक्षों की जो चिट्ठी भेजी है, उसमें उन दावेदारों से आवेदन मांगे गये हैं, जो सपा के टिकट पर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को 31 जनवरी 2018 तक आवेदन फार्म समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में जमा करना होगा। कैंडिडेट्स के लिए आवेदन शुल्क 10 हजार रुपये रखा गया गया है। समाजवादी पार्टी के टिकट के लिए आवेदन वे ही कैंडिडेट कर सकेंगे, जो पार्टी के सक्रिय सदस्य होंगे। आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स को संगठन की पत्रिका समाजवादी बुलेटिन का आजीवन सदस्य भी होना अनिवार्य है।
सभी को भेजा गया प्रोफार्मा
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने सभी जिला, महानगर अध्यक्षों, महासचिवों के साथ ही सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों, पार्टी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों और प्रमुख नेताओं को चिट्ठी भेजी है। चिट्ठी के साथ ही आवेदन पत्र का प्रारूप भेजा गया है।
जमा करने होंगे ये डॉक्युमेंट
आवेदकों को एप्लीकेशन फॉर्म में अपने लोकसभा क्षेत्र की संख्या, लोकसभा क्षेत्र का नाम, अपना पूरा नाम व पते के साथ संबंधित पोलिंग बूथ का नंबर और अपने पहचान पत्र (वोटर आईडी) के नंबर की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा कैंडिडेट को अपनी सक्रिय सदस्यता की रसीद की फोटो कॉपी भी आवेदन पत्र के साथ जमा करनी होगी। आवेदन पत्र में यह भी बताना होगा कि आवेदनकर्ता कब से सपा का सदस्य है और उस पर कोई आपराधिक मुकदमा तो नहीं है। लेकिन अगर कैंडिडेट के खिलाफ आपराधिक धाराएं किसी राजनीतिक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के दौरान की हैं तो ऐसे कैंडिडेट का आंदोलन भी मान्य होगा।
नो ड्यूज प्रमाण पत्र भी देना होगा
आवेदन पत्र एक निश्चिच प्रारूप वाले फार्म पर भी भरा जाएगा। आवेदन पत्र में यह भी जानकारी देनी होगी कि आवेदन के इच्छुक उम्मीदवार ने अब तक समाजवादी पार्टी के विस्तार के लिए क्या-क्या किया है। मसलन कितने आंदोलनों में भाग लिया है आदि। इसके अलावा कैंडिडेट को जिला और महानगर अध्यक्षों से लेकर अनापत्ति प्रमाण पत्र भी लगाना होगा। जिसमें साफ-साफ लिखा होना चाहिए कि कैंडिडेट के खिलाफ समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय, जिला और महानगर इकाई का कोई भी पैसा बकाया नहीं है।
Updated on:
29 Dec 2017 02:46 pm
Published on:
29 Dec 2017 02:43 pm
