
लखनऊ. फिल्म अभिनेता संजय दत्त अपनी फिल्म भूमि ( Bhoomi ) के साथ कमबैक कर रहे हैं। यह फिल्म 22 सितंबर को स्क्रीन पर दर्शकों के सामने होगी। हर फिल्म में अलग तरह के प्रयोग करने वाले राज शांडिल्य ने इस फिल्म की पटकथा और संवाद लिखे हैं। कॉमेडी सर्कस जैसे चर्चित शो के बाद वेलकम बैक और फ्रीकी अली जैसी फिल्मों के लेखक राज शांडिल्य इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और संजय दत्त ( Sanjay Dutt ) के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद यादगार बताते हैं। उत्तर प्रदेश के झाँसी के रहने वाले राज शांडिल्य का नाम कॉमेडी सर्कस के सर्वाधिक एपिसोड लिखने के लिए लिम्का बुक में भी दर्ज है।
टेलीविजन से फिल्म में आने के बाद राज की यह तीसरी फिल्म है। पहले इस फिल्म को अगस्त में रिलीज किया जाना था लेकिन बाद में तारीख बढाकर 22 सितंबर कर दी गई। फिल्म को लेकर राज बेहद उत्साहित हैं। साथ ही संजय दत्त के साथ काम के अनुभव को भी वे बेहद यादगार और रोमांचक बताते हैं। फिल्म एक पिता और बेटी के रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म में अदिति राव हैदरी ने संजय दत्त की बेटी का किरदार निभाया है। निर्देशन ओमंग कुमार का है जबकि निर्माता भूषण कुमार हैं। फिल्म का स्क्रीनप्ले राज शांडिल्य ने लिखा है। फिल्म में संजय दत्त और अदिति राव हैदरी के अलावा सिद्धांत गुप्ता और शरद केलकर जैसे अभिनेता भी पर्दे पर मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म के लेखक राज शांडिल्य ने बताया कि उनके लिए यह फिल्म बेहद महत्त्वपूर्ण हैं। फ़िलहाल फिल्म का प्रमोशन जोरों पर चल रहा है। वाराणसी में 13 सितंबर, दुबई में 14 सितंबर, दिल्ली में 15 सितंबर को फिल्म का प्रमोशन कार्यक्रम हुआ है। लखनऊ में भी फिल्म के प्रमोशन का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।
Published on:
15 Sep 2017, 12:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.