लखनऊ. अयोध्या विवाद मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबडे, डीवाई चंद्रचूड़, अशोक भूषण और एस अब्दुल नजीर की संविधान पीठ ने मामले में निर्मोही अखाड़े के दावे को खारिज कर दिया है। विशेष पीठ ने कहा कि निर्मोही अखाड़े का दावा सूट लिमिटेशन से बाहर है। अदालत ने निर्मोही अखाड़ा के दावे को खारिज किया। इसके अलावा 1946 के फैजाबाद कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली शिया वक्फ बोर्ड की सिंगल लीव पिटिशन (SLP) को भी खारिज कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि राजस्व रिकॉर्ड में विवादित जमीन सरकारी जमीन के नाम पर दर्ज है।