लखनऊ. प्रदूषण की समस्या किसी बीमारी से कम नहीं होती है। दिन भर की भाग दौड़ भरी जिंदगी में त्वचा का ध्यान रखने का समय ही नहीं मिल पाता। लिहाजा त्वचा झुलसा जी जाती है। प्रदूषण को पूरी तरह से रोका तो नहीं जा सकता है, लेकिन इसे कम करने या इससे बचने के उपायों पर अमल जरूर किया जा सकता है। यहां हम आपको बताएंगे कुछ ऐसे खास पौधों के बारे में, जिनका होना न सिर्फ आपको प्रदूषण से बचाएगा बल्कि घर की हरियाली में भी चार चाँद लगाएगा।
कहते हैं घर में लगे पौधों का अपना ही महत्व होता है। कई पैसों के लिए मनी प्लांट लगाता है, तो कोई सेहत के लिहाज से गुलाब के पौधों को तवज्जो देता है। ठीक इसी तरह आप घर में कुछ ऐसे पौधे लगा सकते हैं, जिससे प्रदूषण से राहत मिल सकेगी।
लखनऊ के वैज्ञानिक और बॉटनिकल गार्डनिंग के प्रमुख डॉ. आरएस कटियार के मुताबिक घर में इस्तेमाल होने वाले पोछे, फिनायल, धूपबत्ति, अगरबत्ति से घर में प्रदूषण फैलता है। इनसे निकलने वाले रासायनिक तत्वों से संक्रमण फैलने के खतरा बना रहता है।
प्रदूषण सिर्फ गाड़ियों से निकलने वाले धुएं से नहीं होता बल्कि घर में इस्तेमाल होने वाली इन चीजों से भी होता है। इन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन प्रदूषण का ये भी मुख्य कारण होते हैं।
घरों में होने वाले प्रदूषण को हल्के में नहीं लेना चाहिए। इससे कई लोग मौत के शिकार भी हो सकते हैं। ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में सर्वाधिक मौतों के लिए घरेलू वायू प्रदूषण दूसरा सबसे बड़ा कारण है। घर के बाहर वायु गुणवत्केता की निगरानी नहीं कर सकते लेकिन घर के भीतर होने वाले प्रदूषण पर काबू जरूर किया जा सकता है।
ये हैं आसान से समाधान
घरों के भीतर प्रदूषण को रोकने के लिए आप बम्बू प्लांट, वैक्स प्लांट, रबर प्लांट और गुलदाउदी जैसे प्लांट लगा कर घर के वातावरण को प्रदूषण रहित बना सकते हैं। इन पौधों को कमरे में रखकर घरेलू प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगायी जा सकती है। इन्हें लगाने का एक फायदा ये भी होता है कि इन्हें बहुत ज्यादा देखरेख की जरूरत नहीं होती है और ये बहुत महंगे भी नहीं होते हैं। इन्हें आसानी से किसी भी नर्सरी से लिया जा सकता है।
गर्मी में घरों में पौधे लगाने से प्रदूषण को मात भी दी जा सकती है और गर्मी के प्रकोप से भी बचा जा सकता है। यानी कि ये करिश्माई पौधे प्रदूषण से राहत देने के साथ-साथ गर्मी से भी बचाते हैं।