लखनऊ. मौसम की बेरुखी झेल रहे उत्तर प्रदेश में मानसून (UP Accuweather Forecast ) ने दस्तक दे दी है। लखनऊ सहित पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, बारिश के बाद निकली तेज धूप ने पारे का तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंचा दिया। राजधानी में सुबह हुई तेज बारिश ने लखनवाइट्स को भीगने पर मजबूर कर दिया। लखनऊ ही नहीं, पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश रुक-रुककर शनिवार को भी होती रही। इससे लोगों को न सिर्फ गर्मी से राहत मिली, बल्कि किसानों के धान की खेती को लेकर चिंता भी कम हुई है। पूर्वी यूपी के वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, भदोही, सोनभद्र और मऊ सहित कई जिलों में बारिश हुई, जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। लखनऊ में तेज धूप के बावजूद बारिश के कारण हवा में नरमी रही। हालांकि, उमस ने लोगों को दिन भर परेशान रखा।