पत्रिका न्यूज नेटवर्क.
लखनऊ. इस वर्ष उत्तर प्रदेश का बजट (UP Budget) नए तरीके का होगा। 19 फरवरी को राज्य का बजट पेश करने जा रहे वित्र मंत्री सुरेश खन्ना (Suresh Khanna) के हाथों में कागजों का बंडल नहीं बल्कि स्मार्ट टैबलेट (Ipad) होगा, जिसमें वित्त वर्ष 2021-22 का आर्थिक रोडमैंप होगा। जिस तरह केंद्रीय बजट (Union Budget) पेपरलेस हुआ, उसी तरह इस वर्ष राज्य का बजट भी पेपरलेस होगा। यह नहीं, पहली बार बजट सत्र में सभी विधायक टैबलेट (Tablet) के साथ मौजूद होंगे। सभी को राज्य सरकार की ओर से बजट सत्र से पूर्व 50,000 रुपए तक के एप्पल कंपनी के टैबलेट खरीदने के निर्देश मिल चुके हैं। इसके अतिरिक्त सभी विधायकों को सत्र में शामिल होने से पूर्व अपनी कोरोना जांच करानी होगी, जिसकी रिपोर्ट दिखाने के बाद ही वह विधानसभा में दाखिल हो सकेंगे। माना जा रहा है कि इस बार कुल बजट का आकार भी पिछली बार के बचट की तुलना में बड़ा होगा। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व यह आखिरी बजट है। ऐसे में योगी सरकार कई लुभावनी घोषणाएं कर सकती हैं।