पत्रिका न्यूज नेटवर्क.
लखनऊ. यूपी का चार सरकारी बिजली कम्पनियों (Power supply company) के लिए ख़ुशख़बर है। वे अब उप्र के बाहर अन्य राज्यों के ग्राहकों को बिजली बेचकर मुनाफ़ा कमा सकेंगी। इसी तरह उप्र का ग्राहक यदि अपने प्रदेश की बिजली कम्पनी से नाखुश है, तो वह अब सिम की तरह किसी दूसरी कंपनी का चयन कर बिजली सप्लाई ले सकता है। अब उसे एक कंपनी के एकाधिकार से परेशान होना नहीं पड़ेगा। वह अपने घर, दुकान, व्यवसाय, दफ्तर इत्यादि के लिए देश की किसी भी विद्युत कंपनी का चयन कर सकता है। जहां ग्राहक को सस्ती व बेहतर सुविधाएं मिलें, वहां वह बिना किसी दबाव या परेशानी के रुख कर सकता है। दरअसल, केंद्र सरकार ने बजट में बिजली अधिनियम, 2003 में संशोधन की योजना बनाई है, जिसके तहत नियामक की मंजूरी के बाद कोई भी विद्युत कंपनी किसी भी क्षेत्र में अपनी बिजली सप्लाई कर सकेगी। इससे मौजूदा बिजली वितरण कंपनियों का एकाधिकार खत्म होगा है। निजी क्षेत्र के डिस्कॉम (डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी) देश के सभी इलाकों में बिजली सप्लाई कर सकेंगे। ग्रिड एक होने से इसमें कोई समस्या भी नहीं आएगी।