29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

29 अप्रैल के बाद यूपी कांग्रेस को मिलेगा नया अध्यक्ष, संगठन में होंगे कई बदलाव

कांग्रेस के एमपी और गोवा संगठन में बड़े बदलाव के बाद अब बारी यूपी की है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Prashant Srivastava

•

Updated: 26 Apr 2018, 1:27 PM IST

congress

प्रशांत श्रीवास्तव, लखनऊ. कांग्रेस के एमपी और गोवा संगठन में बड़े बदलाव के बाद अब बारी यूपी की है। सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन में बदलाव के लिए कांग्रेस ने विस्तृत खाका तैयार किया है। उत्तर प्रदेश को पांच जोन में बांटा जाएगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए अध्यक्ष तो एक ही रहेगा लेकिन पांचों जोन के लिए एक-एक उपाध्यक्ष होगा। संभव है कि 29 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली जनाक्रोश रैली के बाद यूपी कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलेगा।

ब्राह्मण चेहरे पर दांव!


पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष किसी ब्राह्मण चेहरे को ही बनाया जाएगा। इसका कारण यूपी के सियासी समीकरण हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और पूर्व सांसद राजेश मिश्रा के नाम लिए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी भी रेस में हैं लेकिन जितिन प्रसाद की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। साथ ही राज्य को पांच जोन में बांटकर बनाए जाने वाले पांच उपाध्यक्षों को जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

उपचुनाव में हुआ था बुरा हाल

कांग्रेस में बदलाव का अहम कारण लगातार मिल रही हार भी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की कमान अभी अभिनेता से नेता बने राज बब्बर के पास है। गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव में कांग्रेस की बहुत बुरी गत बनने के बाद राज बब्बर ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का एलान किया था लेकिन पार्टी आलाकमान ने उन्हें अगले फैसले तक पद पर बने रहने के लिए कहा था।

प्रदेश प्रभारी भी बदले जाएंगे

सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आजाद की जगह भी नए प्रभारी को भेजा जायेगा। आज़ाद यूपी के लिए पार्टी प्रभारी महासचिव होने के साथ ही राज्यसभा में विपक्ष के नेता भी हैं। ऐसे में राहुल राज में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के आधार पर आज़ाद को प्रभारी पद छोड़ना होगा। इसके अलावा प्रदेश को पांच जोन में डिवाइड कर पांच उपाध्यक्ष भी बनाए जा सकते हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए बसपा से आए नसीमुद्दीन, एमएलसी दीपक सिंह सहित तमाम नेताओं के नाम चल रहे हैं।

जनाक्रोश रैली में जाएंगे यूपी से हजारों कार्यकर्ता

29 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली इस रैली में यूपी से रिकॉर्ड भीड़ जुटने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस के यूपी प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद, अध्यक्ष राज बब्बर समेत सभी शीर्ष नेताओं ने इस रैली के लिए बैठक कर यूपी के कांग्रेस नेताओं को ज़िम्मेदारी सौंपी है। पार्टी का कहना है कि केन्द्र सरकार की नीतियों और वादा खिलाफी को लेकर जनता में आक्रोश है लिहाज़ा कांग्रेस जनाक्रोश रैली के ज़रिए इस गुस्से का प्रदर्शन करेगी। मीडिया पैनलिस्ट अंशु अवस्थी ने बताया कि हजारों की संख्या में कार्यकर्ता इस रैली में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।