रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए कहा कि अगले तीन वर्ष में जियो प्रदेश में दस हजार करोड़ का निवेश करेगा। इतना ही नहीं तीन साल में जियो के माध्यम से एक लाख लोगों को रोजगार भी दिया जाएगा। मुकेश अंबानी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मुंबई आए थे, तो उन्होंने कहा था कि यूपी को आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि जियो को यूपी के हर गांव तक पहुंचना है। मुझे यह बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि दिसम्बर 2018 तक यूपी के हर गांव तक जियो की पहुंच होगी। नमामि गंगे प्रोजेक्ट में रिलायंस फाउंडेशन से जो भी सहयोग की मांग होगी, उसे पूरा किया जाएगा। 40 हज़ार से ज्यादा हम नौकरियां यहां दे चुके हैं। रिलायंस फाउंडेशन मिशन गंगा में सहायता के लिए तैयार है,सब मिलकर यूपी को उत्तम प्रदेश बनाएंगे।