पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. UP Panchayat Election Results 2021. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (UP Panchayat Chunav 2021) के अब तक के नतीजों से स्पष्ट है कि यूपी में भारतीय जनता पार्टी का मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी से ही है। बहुजन समाज पार्टी तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ रही है जबकि दावों के मुताबिक जमीनी स्तर पर कांग्रेस का अता-पता नहीं हैं। यूपी पंचायत चुनाव में चौथे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी रहे। पंचायत चुनाव के नतीजों से रालोद खेमा खुश जरूर होगा, पश्चिमी यूपी में एक बार फिर उनका वर्चस्व कायम होता दिख रहा है। वहीं, प्रदेश में सियासी जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी के लिए पंचायत चुनाव के नतीजे राहत देने वाले हैं। यूपी के 15 जिलों में पार्टी समर्थित करीब दो दर्जन से अधिक उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। हालांकि, भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाकर बड़ी जीत का दावा करने वाले ओम प्रकाश राजभर नतीजों से निराश जरूर होंगे। उनके खुद के भाई की पत्नी रीता राजभर ही जिला पंचायत का चुनाव हार गई हैं। साथ ही पंचायत चुनाव के नतीजे उन 'माननीयों' के लिए भी सबक हैं, जो बिना फील्ड में निकले जनता में अपनी पकड़ का दावा करते हैं। यही कारण है कि कई मंत्री और विधायक भी अपने रिश्तेदारों को नहीं जिता पाए हैं।