
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला फोटो सोर्स-IANS
Akhilesh Yadav 403 Seats:उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव के तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारने के संकेत पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। अखिलेश ने मंगलवार सुबह एक्स पर लिखा था कि अब उनकी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है। इस पर राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि बस हो गया टांय-टांय फिस्स! ओपी राजभर ने आगे कहा कि 403 की बात पर बस इतना कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने का संकेत दिया है। सोमवार को पार्टी की ओर से तीसरा प्रत्याशी उतारने की बात कही गई थी, लेकिन नामांकन से ठीक पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि अब हमारी निगाहें तीन पर नहीं, 403 पर हैं। उनके इस बयान से माना जा रहा है कि सपा ने राज्यसभा चुनाव से ज्यादा अब विधानसभा चुनाव पर ध्यान देने का फैसला किया है।
सपा के तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने के संकेत पर भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी प्रकाश पाल ने प्रतिक्रिया दी। एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव के फैसले का स्वागत किया और कहा कि उन्होंने समझदारी दिखाई है। प्रकाश पाल ने भाजपा की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग पहले भी उनके साथ था और आगे भी रहेगा।
इससे पहले सोमवार को सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा था कि पार्टी राज्यसभा चुनाव में तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने बताया था कि 6 अक्टूबर को तीसरे प्रत्याशी का नामांकन कराया जाएगा। इसके लिए सपा विधायकों से प्रस्तावक के तौर पर नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए गए थे। उन्होंने कहा था कि मंगलवार सुबह 11 बजे विधानभवन में नामांकन होगा।
हालांकि, अखिलेश यादव के एक्स पोस्ट के बाद सपा के तीसरा प्रत्याशी उतारने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
Updated on:
06 Oct 2026 11:08 am
Published on:
06 Oct 2026 10:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
