उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी अब नियंत्रण में है। लगातार नियोजित कोशिशों से अब ज्यादातर जिलों में संक्रमण के नए मामले नहीं मिल रहे, तो कई जिलों में नए केस इकाई में आ रहे हैं। 74 जिलों में 200 से कम एक्टिव केस ही हैं। 55 जिले ऐसे हैं, जहां कुल एक्टिव केस दहाई में शेष हैं। प्रदेश की टेस्ट पॉजिटिविटी दर लगातार एक फीसदी से कम बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 2,63,769 नमूने टेस्ट किये गए, जिनमें 251 नए मामले सामने आए। इस दौरान 561 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। प्रदेश में अब प्रतिदिन का पॉजिटिविटी रेट 0.1 फीसद हो गया है।