चित्रकूट. जिले में विकास खंड रामनगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांधी में बच्चों पर पेड़ की एक डाल टूटकर गिर गई। इसमें सात बच्चे घायल हो गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लव प्रकाश यादव ने बताया कि, सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां बच्चों को उपचार दिया गया। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि, सभी को मामूली चोट है। कुछ समय पश्चात घर भेज दिया गया। वहीं, घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बच्चों के इलाज में कोताही न बरती जाए। साथ ही, घायल बच्चों के समुचित उपचार कराने और हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद बताया कि बारिश के कारण पेड़ टूटकर गिर गया था। जिसमें कई बच्चों को चोटें आई हैं। सभी का इलाज अस्पताल में कराया गया है।