चित्रकूट. राजापुर तहसील क्षेत्र के गांव देहरूच माफी के मजरा भुजौली के ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार पर तीन माह से राशन न देने को लेकर मुख्यालय के पटेल तिराहे पर धरना शुरू कर दिया। दरअसल, 19 फरवरी को कोटेदार की शिकायत की गई। जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी व आपूर्ति निरीक्षक मौके पर जांच करने गए। इस दौरान इन अधिकारियों ने कोटेदार का पक्ष लेते हुए गांव के शिकायतकर्ता को ही झूठी शिकायत करने की नोटिस थमा दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि जिला पूर्ति अधिकारी फोन पर अभद्र तरीके से बात करते हैं। ग्रामीणों ने राशन के लिए धरना देना शुरू कर दिया। धरने पर बैठने की जानकारी होने पर डीएसओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर धरना समाप्त कराया।