लखनऊ. समाजवादी पार्टी सांसद आजम खां, उनकी विधायक पत्नी तंजीन फातिमा व बेटा अब्दुल्ला खां को रामपुर कोर्ट ने दो मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के उपरांत आजम खान ने पत्नी और बेटे संग बुधवार को कोर्ट में सरेंडर किया था। जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया है। इससे समाजवादी पार्टी में हड़कंप मच गया है। रामपुर में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। हालांकि इससे एक बात फिर सिद्ध हो गई है कि कानून के आगे हर किसी को झुकना पड़ता है। कोई कितना भी प्रभावशाली हो, राजनीति में कितना ही बड़ा उसका रसूख हो, कानून सबके लिए एक है। आजम खां के अतिरिक्त यूपी की राजनीति के ऐसे कई और कद्दावर नेता हैं, जो जेल जाने के मामले में पीछे नहीं हैं। इनमें ज्यादातर नेताओं पर भ्रष्टाचार के अतिरिक्त बलात्कार व हत्या जैसे संगीन आरोप भी लगे। इनमें हत्या के आरोपी मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व अमरमणि त्रिपाठी, रेप के आरोप में गायत्री प्रजापति, व भ्रष्टाचार के आरोपी बाबूराम कुशवाहा जैसे नेता प्रमुख हैं।