लखनऊ. गुरुवार तीन जून को विश्व साइकिल दिवस (World Bicycle Day) है। सेहत व पर्यावरण के लिए साइकिलिंग काफी फायदेमंद होती है। उत्तर प्रदेश में पिछली समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) सरकार में मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने साइकलिंग को अहमियत को समझते हुए प्रदेश के कई जिलों में अलग से अरबों रुपयों की लागत से साइकिल ट्रैक के निर्माण करा दिए। आज भी इन्हें देखा जा सकता है, लेकिन इसका उपयोग नाममात्र लोग भी करते नजर नहीं आते। लोग साइकलिंग तो करते, लेकिन सड़कों पर। साइकिल पथ का उपयोग अधिकतर दो व चार पहिया वाहनों के पार्किंग के लिए, सब्जी बेचने वाले व लोगों को सोने के लिए होता दिखता है। कई लोग तो धोबी घाट की तरह इन पर कपड़े धोते भी नजर आ जाते हैं। सदुपयोग न होता देख सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने कई साइकिल ट्रैक्स को तो हटा ही दिया। जो बचे हैं, उनका हाल बेहाल है।