
Lucknow News : लखनऊ की सरोजनी नगर कोतवाली की बदालीखेड़ा पुलिस चौकी में रिश्वत नहीं देने पर युवक को दरोगा और एक सिपाही ने रॉड से पीट दिया। पीड़ित ने कोतवाल से इसकी शिकायत की तो वहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने इसका वीडियो वायरल कर दिया। इसका अफसरों ने संज्ञान लिया और डीसीपी दक्षिणी विनीत जायसवाल ने एसीपी कृष्णानगर को मामले की जांच सौंपी।
डीसीपी दक्षिणी विनीत जायसवाल के अनुसार पीड़ित एक ठेकेदार का मुंशी है। आरोप है कि बदालीखेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी दिनेश यादव और सिपाही रवि कुमार ने शनिवार रात दो बजे मुंशी सुधीर मौर्य को चौकी लाकर प्रताड़ित किया। चौकी इंचार्ज और सिपाही मुंशी सुधीर कुमार पर हवाला का कारोबार करने का आरोप लगा रहे थे। मुंशी सुधीर मौर्य ने बताया कि दोनों ने पहले उसे लात-घूंसों से पीटा। बाद में छह लाख रुपए की रिश्वत मांगी।
पेटीएम से ले लिए साढ़े छह हजार रुपए
पीड़ित का कहना है कि मौके पर रुपए नहीं होने पर सिपाही रवि ने अपने खाते में पेटीएम से साढ़े छह हजार रुपये भुगतान करा लिया। पीड़ित ने जब कोतवाल से दोनों पुलिसकर्मियों की शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। इसपर उसने घटना का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही अफसरों ने मामले का संज्ञान लिया।
डीसीपी दक्षिणी विनीत जायसवाल ने बताया कि एसीपी कृष्णानगर की जांच रिपोर्ट पर आरोपित सब इंस्पेक्टर व सिपाही को निलम्बित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई के लिये जांच एडीसीपी दक्षिणी को सौंपी गई है। मुंशी ने आरोप लगाया कि वसूली देने से मना करने पर उसकी पिटाई की गई।
Updated on:
24 Apr 2023, 1:35 PM IST
Published on:
24 Apr 2023, 1:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.