3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का ये नगर पालिका रहा 11 वें स्थान पर, पीएम मोदी ने जारी की लिस्ट

स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के तहत राष्ट्रीय स्तर पर देश के 4041 निकायों में सरायपाली नगर पालिका ने 11वां स्थान हासिल किया है।

2 min read
Google source verification
Cleanliness Survey 2018

स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का ये नगर पालिका रहा 11 वें स्थान पर, पीएम मोदी ने जारी की लिस्ट

सरायपाली. स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के तहत राष्ट्रीय स्तर पर देश के 4041 निकायों में सरायपाली नगर पालिका ने 11वां स्थान हासिल किया है। जबकि, इस्ट जोन में यह उपलब्धि तीसरे पायदान पर है।

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में 23 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट पर गौर करें तो एक लाख से कम जनसंख्या वाली आबादी में सरायपाली पालिका ने प्रदेश में दूसरा स्थान और इस आंकड़े के अनुसार नगर निगमों को छोड़ दिया जाए तो यह गौरव प्रदेश की पालिकाओं में प्रथम पायदान पर सुशोभित है। मालूम हो कि सरायपाली नगरजनों के सामूहिक प्रयास और पालिका की मिशन स्वच्छता की टीम ने सरायपाली नगर को मिले इस गौरव के लिए उत्कृष्ट प्रयास किया था। इसके पूर्व भी सरायपाली नगर पालिका ने स्वच्छता एप डाउनलोड करने में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया था। सरायपाली नगर पालिका के नाम जुड़ी इस उपलब्धि से सरायपाली विधानसभा के साथ-साथ जिले व प्रदेश का मान बढ़ा है। पालिका को मिली इस उपलब्धि को लेकर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चन्द्रकुमार पटेल ने बताया कि नगरजनों एवं पालिका की स्वच्छता टीम की मेहनत से सरायपाली नगर पालिका को यह गौरव हासिल हुआ है। इसके लिए रविवार को पालिका में नगर के शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों, प्रबुद्धजनों एवं महिला स्व सहायता समूहों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया जाएगा।

फरवरी माह में स्वच्छता सर्वे का कार्य हुआ था। जिसका परिणाम 23 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जारी किया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के लिए पालिका प्रशासन के दावों की पड़ताल करने भारत सरकार की क्वालिटी कंट्रोल ऑफ इंडिया (क्यूआईसी) टीम ने फरवरी माह में सरायपाली नगर के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर मिशन क्लीन सिटी के तहत किए गए सफाई व्यवस्था का जायजा लिया था। टीम ने वार्डों में प्रत्यक्ष स्वच्छता का अवलोकन करते हुए आम नागरिकों से पालिका के सफाई अमले द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कवायदों की सूक्ष्मता से जांच की थी। क्यूआईसी टीम ने नगरपालिका के डाटा सेंटर के बंद कमरे में स्वच्छता से संबंधित दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर लोगों से डोर टू डोर कचरा प्रबंधन के संबंध में कई सवाल भी पूछे थे। इस दौरान नपा अध्यक्ष सरस्वती चंद्रकुमार पटेल के मार्गदर्शन में पालिका टीम स्वच्छता के मानक पर खरा उतरने स्वच्छता कमांडो के साथ युद्ध स्तर पर जुटी हुई थी।

लोगों का सम्मान व जागरुकता जरूरी
सरायपाली के एसडीएम नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि सरायपाली नगरवासियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में पूरे देश में सरायपाली नगर पालिका ने महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है। निश्चित ही इस मेहनत को बरकरार रखने के लिए लोगों का सम्मान कर जागरूक करना चाहिए। वार्डों में सक्रिय महिला स्व सहायता समूहों की टीम भी प्रशंसा की भागीदार हैं ।