
मैनपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव बिछिया में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार हमलावरों ने एक युवती को ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया गया है कि दो साल पहले युवती के पति की भी इसी तरह हत्या कर दी गई थी। जिसमें वो गवाह थी।
दिनदहाड़े युवती को गोली से भूना
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ निवासी भावना चौहान उर्फ दीप्ति पत्नी बिल्लू चौहान गुरुवार सुबह घर से कोर्ट में तारीख करने के लिए निकली थी। जैसे ही भावना थाना क्षेत्र के ग्राम बिछिया रोड पर पहुंची तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। भावना ने हमलावरों से खुद को बचाने का काफी प्रयास किया। वो इधर-उधर भागी, लेकिन गोलियों की बौछार से बच नहीं पाई। कई गोलियां लगने से भावना की मौके पर मौत हो गई।
पिस्टल दिखाकर फरार हुए हमलावर
चश्मदीदों के अनुसार वारदात को अंजाम देने का बाद हमलावर तमंचे और पिस्टल दिखाते हुए भाग गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने नामजद लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
पति के मर्डर केस में गवाह थी भावना
इस संबंध में एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दो वर्ष पहले भावना के पति बिल्लू चौहान की भी हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर केस में भावना गवाह थी। गुरुवार को वो गवाही देने कोर्ट जा रही थी, लेकिन रास्ते में उस पर हमला कर दिया गया। कई गोलियां लगने के कारण भावना की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति के हत्यारों को ही इस हत्या में नामजद किया है। तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
Updated on:
05 Apr 2018 04:26 pm
Published on:
05 Apr 2018 04:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
