
बुध योग में पुष्य नक्षत्र होगा अक्षय कारक, ऐश्वर्य लाएगा शुक्र
मंदसौर.
बुध पुष्य नक्षत्र में खरीदी करना लाभदायी व अक्षय कारक है, इससे परिवार में समृद्धि बढ़ेगी। इस साल धनतेरस से पूर्व आ़ रहे पुष्य नक्षत्र को इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि कई बरसो बाद बुध पुष्य योग में पुष्य नक्षत्र पड़ रहा है। पंडितो के अनुसार इस दिन सप्तमी तिथि के साथ पुष्य नक्षत्र की युति है। साथ ही कई दिनों से अस्त शुक्रतारा का उदय हो रहा है। चूंकि शुक्र को ऐश्वर्य का कारक माना जाता है इसलिए बुधवार के दिन पुष्य नक्षत्र का पडऩा घर- परिवार के लिए खरीदी गई हर तरह के लिए शुभ फलदायी साबित होगा। 31 अक्टूबर को सुबह 6.35 से रात 2.33 बजे तक बुध पुष्य है। इस मुहूर्त को देखते हुए व्यापारियों ने भी पर्याप्त स्टॉक बुलाया है। इन दिनों बाजार में जमकर खरीदी होने की संभावना है।
नक्षत्रों का राजा है पुष्य नक्षत्र, साध्य योग भी
पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा भी कहते हैं। माना जाता है कि पुष्य नक्षत्र की साक्षी से किए गए कार्य सर्वथा सफल होते हैं। पुष्य नक्षत्र के स्वामी शनिदेव व अधिष्ठाता बृहस्पति देव हैं।
पुष्य शनि में शनि के प्रभाव के कारण खरीदी हुई वस्तु स्थाई रूप से बनी रहती है और बृहस्पति देव के कारण वह समृद्धिदायी होती है। शास्त्रों में ‘गुरु’ को पद-प्रतिष्ठा, सफलता और ऐश्वर्य का कारक माना गया है और ‘शनि’ को वर्चस्व, न्याय और श्रम का कारक माना गया है, इसीलिए पुष्य नक्षत्र की उपस्थिति में महत्वपूर्ण कार्य करने को शुभ माना जाता है। वर्तमान में गोचर में शुक्र तुला राशि में स्वग्रही है जो कि अत्यंत लाभदायक है। इसी दिन साध्य योग भी है।
शाम के वृषभ लग्न खरीदारी के लिए श्रेष्ठ
31 अक्टूबर को सायंकाल गुरु प्रधान मीन लग्न पड़ रहा है। शाम 6.20 से 8.30 बजे तक स्थिर प्रकृति का वृषभ लग्न पड़ रहा है जोकि खरीदारी के लिए श्रेष्ठ है। बुध पुष्य नक्षत्र सभी राशि के लिए सुख- समृद्धि लेकर आएगा। कोई भी राशि वाला व्यक्ति अपनी सुविधानुसार सभी तरह की धातुएं खरीद सकता है। यदि किसी को आर्थिक परेशानी है तो वह अंश मात्र का ही सही सोना या चांदी की खरीदी अवश्य करें, यह आने वाले समय उसके लिए शुभकारी साबित होगा। हिंदू परंपरा के अनुसार इस दिन सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर सहित रसोई घर में इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुएं खरीदने से परिवार में सुख- समृद्धि बढ़ेगी। बुध पुष्य नक्षत्र पर सोना, चांदी, तांबा जैसी धातुओं की खरीदारी करने से वैभव में वृद्धि होगी। साथ ही जमीन व मकान में निवेश करना लाभदायी साबित होगा।
इन मुहूर्तो में कर सकते है खरीदारी
सुबह 6.35 से 7.59 तक लाभ
सुबह 7.59 से 9.23 तक अमृत
सुबह 10.47 से 12.11 तक शुभ
दोपहर 2.59 से शाम 4.22 तक चर
शाम 4.22 से 5.46 तक लाभ
शाम 7.22 से रात 8.58 तक शुभ
रात 8.58 से 10.35 तक अमृत
रात 10.34 से 12.10 तक चर
-----------------------------------
Updated on:
30 Oct 2018 02:25 pm
Published on:
30 Oct 2018 01:19 pm
